लखनऊ 21 अप्रैल (आरएनएस)। 22 अप्रैल 2026 को दोपहर 3:00 बजे से मैच समाप्ति तक इकाना स्टेडियम में आयोजित आईपीएल मैच के दृष्टिगत राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात पुलिस द्वारा जारी सूचना के अनुसार बड़े वाहन, बस, कामर्शियल वाहन तथा सामान्य यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि मैच के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा सके।जारी एडवाइजरी के अनुसार कमता शहीद पथ तिराहा अयोध्या रोड से सामान्य यातायात को शहीद पथ के माध्यम से सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और कानपुर रोड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को कमता तिराहा, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान चौराहा, समतामूलक चौराहा, करियप्पा चौराहा, तेलीबाग, बाराबिरवा अथवा इंदिरा नहर चौराहा होते हुए किसान पथ से अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। इसी प्रकार शहीद पथ कानपुर रोड तिराहा से भी सामान्य यातायात को सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और अयोध्या रोड की ओर जाने पर रोक रहेगी और उन्हें वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड तथा गोसाईगंज क्षेत्र से आने वाले बड़े वाहनों और बसों के लिए भी विशेष डायवर्जन लागू रहेगा। इन्हें अहिमामऊ और शहीद पथ की ओर जाने से प्रतिबंधित किया जाएगा तथा वृंदावन योजना, कबीरपुर किसान पथ और अन्य वैकल्पिक मार्गों के माध्यम से गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। उतरेठिया अंडरपास चौराहा, लालबत्ती चौराहा और हुसडिय़ा अंडरपास की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग डायवर्जन मार्ग निर्धारित किए गए हैं।यातायात पुलिस के अनुसार सुल्तानपुर रोड से आने वाले सामान्य वाहनों को अमूल तिराहा से अहिमामऊ चौराहा की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को अमूल तिराहा से ही डायवर्ट कर लूलू मॉल कटिंग के माध्यम से शहीद पथ पर भेजा जाएगा। वहीं कमता शहीद पथ तिराहा से अहिमामऊ चौराहे पर यू-टर्न लेकर कैण्ट, पुलिस मुख्यालय और गोमतीनगर की ओर जाने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। ऐसे वाहन मेदान्ता अस्पताल के पास से यू-टर्न लेकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।पुलिस ने बताया कि अहिमामऊ चौराहे से प्लासियो मॉल की ओर जाने वाला यातायात पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। इसके स्थान पर वाहनों को एचसीएल तिराहा, संस्कृत तिराहा और ओवरहेड गोल चक्कर होते हुए वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा। इसके अतिरिक्त सुल्तानपुर रोड से आने-जाने वाले बड़े वाहनों और बसों को कबीरपुर तिराहा से किसान पथ के माध्यम से संचालित किया जाएगा।यातायात विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि दोपहर 2:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे के बीच शहीद पथ पर वाहनों का दबाव अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में कानपुर नगर, एक्सप्रेस-वे, बाराबिरवा और अमौसी की ओर जाने वाले वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से शहीद पथ का प्रयोग करने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, जिससे असुविधा से बचा जा सके।इकाना स्टेडियम की पार्किंग में जाने वाले बड़े वाहनों और बसों को अहिमामऊ चौराहा होकर ही जाना होगा। यातायात दबाव से बचने के लिए दर्शकों को शहीद पथ के स्थान पर अर्जुनगंज और कैंट मार्ग का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।
यातायात पुलिस ने बताया कि 22 अप्रैल की रात्रि में भारी और बड़े वाहनों के लिए लागू नो-एंट्री का समय निर्धारित रात्रि 11:00 बजे से नहीं रहेगा, बल्कि मैच समाप्त होने और यातायात सामान्य होने तक प्रभावी रहेगा। आपात स्थिति में एम्बुलेंस, स्कूली वाहन, फायर सर्विस और शव वाहन को प्रतिबंधित मार्गों पर भी अनुमति दी जाएगी। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

