लखनऊ 21 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी के थाना पीजीआई पुलिस ने प्लॉट के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने और रुपये हड़पने वाले एक शातिर वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक मोबाइल फोन, दो पैन कार्ड, तीन डेबिट कार्ड, एक आधार कार्ड तथा एक ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है।पुलिस के अनुसार 9 जनवरी 2025 को उन्नाव जनपद के बेहटा नथई सिंह, कोरारी कलां निवासी गायत्री देवी द्वारा थाना पीजीआई में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि गौरव अवस्थी और अन्य व्यक्तियों ने मिलकर उन्हें प्लॉट बेचने के नाम पर रुपये हड़प लिए और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी की। इस मामले में थाना पीजीआई पर मुकदमा संख्या 14/2025 धारा 316(2), 338, 336(3), 340(2), 61(2) एवं 351(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।मामले की विवेचना के दौरान थाना पीजीआई पुलिस टीम वांछित अभियुक्त की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में पुलिस टीम तेलीबाग क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित वांछित अभियुक्त यूनियन बैंक, थाना विभूतिखंड क्षेत्र के पास मौजूद है। सूचना पर विश्वास करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक व्यक्ति को पकड़ लिया।पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम सर्वेश कुमार पाण्डेय पुत्र ध्यानचन्द्र पाण्डेय, उम्र करीब 36 वर्ष, निवासी रतनखण्ड शारदानगर थाना आशियाना, लखनऊ बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो पैन कार्ड, एक आधार कार्ड और एक पुराना मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके अलावा विभिन्न बैंकों के तीन डेबिट कार्ड तथा एक ड्राइविंग लाइसेंस भी उसके कब्जे से बरामद किए गए।पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता है और अवैध तरीके से धन अर्जित कर अपने शौक पूरे करने के उद्देश्य से इस प्रकार के अपराध करता था। पुलिस ने अभियुक्त को नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त सर्वेश पाण्डेय का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध थाना आशियाना, थाना सरोजनीनगर तथा जनपद सोनभद्र के थाना करमा में हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य धाराओं में पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं।इस गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक दिनकर वर्मा, उपनिरीक्षक नितिन सिंह तथा हेड कांस्टेबल आकाश कुमार गुप्ता की पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

