25 अप्रैल के बाद आएगा परीक्षा का परिणाम
प्रयागराज 21 अप्रैल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की कक्षा 10वीं और 12वीं के रिजल्ट घोषित करने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। रिजल्ट 25 अप्रैल के बाद किसी भी दिन जारी हो सकता है। मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है और अब डेटा एंट्री व सत्यापन का काम तेजी से चल रहा है। लाखों छात्र बेसब्री से अपने नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।
इस साल हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में लगभग 54 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। 8033 केंद्रों पर दो पालियों में एग्जाम आयोजित कराया गया था। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिनकी लाइव फीड लखनऊ में दो राज्य स्तरीय और प्रयागराज में एक कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से निगरानी की गई थी।
बोर्ड सचिव भगवति सिंह ने बताया कि रिजल्ट यूपी बोर्ड के वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। छात्र अपना रिजल्ट रोल नंबर से देख सकेंगे। इसके अलावा डिजीलॉकर और उमंग ऐप के माध्यम से भी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड की सुविधा होगी।
परिणाम घोषणा के बाद स्क्रूटनी और रीवैल्यूएशन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। सफल छात्रों के लिए परिणाम आधारित प्रवेश प्रक्रिया तेज होगी, जबकि असफल छात्रों को विशेष कक्षाओं का लाभ मिलेगा। शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि रिजल्ट जारी होते ही सभी जिलों में परिणाम विश्लेषण बैठकें आयोजित की जाएं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

