चालक गंभीर; बच्ची सुरक्षित बची
प्रयागराज 21 अप्रैल (आरएनएस)। घूरपुर थाना क्षेत्र के गौहनिया चौकी अंतर्गत गौहनिया-जसरा बाईपास स्थित ओवरब्रिज पर सोमवार दोपहर सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घूरपुर थाना क्षेत्र के बड़ी बोंगी गांव निवासी 54 वर्षीय गुड्डी देवी पत्नी लाल गोविंद भारतीय अपनी बड़ी बेटी के घर लालापुर थाना क्षेत्र के बघला गांव गई थीं। सोमवार को वह घर लौट रही थीं। वापसी के दौरान वह अपने पुत्र गोलू भारतीय (बाइक चालक), भतीजे कल्लू और तीन वर्षीय नातिन के साथ एक ही बाइक पर सवार थीं।
बताया जा रहा है कि पांडर गांव पार करने के बाद जसरा बाईपास पर चढ़ते ही गौहनिया की ओर जाते समय ओवरब्रिज के बीच बाइक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार के कारण चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे लगे लोहे के डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में गुड्डी देवी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक चला रहे उनके पुत्र गोलू भारतीय गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। भतीजे कल्लू को हल्की चोटें आईं, जबकि गोद में बैठी तीन वर्षीय नातिन इस हादसे में चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई।
सूचना मिलते ही घूरपुर सीसी टीम प्रभारी उपनिरीक्षक आशुतोष विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजवाया और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

