*संबंधित लोगों की लापरवाही कहीं ग्रामीणों के तीव्र आक्रोश का कारण न बन बैठे
*भीषण गर्मी में पानी आपूर्ति न होने से दिनचर्या पर पड़ रहा बुरा प्रभाव
लालगंज, मीरजापुर 21 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के लालगंज विकास खंड क्षेत्र अंतर्गत गंगहराकला गांव में तीन दिनों से जल जीवन मिशन अंतर्गत आपूर्ति किए जाने वाले पानी की दो बूंद भी टोटियों से न टपकने से ग्रामीणों में हाहाकार मचा हुआ है। वर्तमान में पड़ रही प्रचंड गर्मी में पानी आपूर्ति ठप्प होने से लोगों के दैनिक दिनचर्या पर इसका बुर असर पड़ रहा है। लोगों को प्यास बुझाने के लिए पुराने जलश्रोत सहित बाजार से पानी मंगाना पड़ जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गंगहराकला गांव में पिछले तीन दिनों से पानी का आपूर्ति बाधित है। मोटर न चलने से पानी की टंकी में पानी न होने के कारण पानी की आपूर्ति नहीं की जा सकी है। ऐसी सूरत में सूनी पड़ी टोंटियां ग्रामीणों को मुंह चिढ़ाए जा रही है, ग्रामीणों का कहना है कि तीन दिन से जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत ‘हर घर नल जल योजनाÓ की टोटियों से पानी गिरना तो दूर दो बूंद पानी भी नहीं टपका है। पानी के अभाव में घर के कामकाज से लेकर अन्य कार्य भी बुरी तरह से प्रभावित हो रखें हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस संदर्भ में जब जल जीवनइस मिशन के संबंधित इंजीनियर लवकुश मिश्रा से शिकायत दर्ज कराई गई तो उन्होंने बताया कि रात में बिजली नहीं होने के वजह से मोटर नहीं चला है, जब तीन दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित होने का हवाला दिया गया तो बताया गया कि आपरेटर का बेटा बीमार सो समस्या उत्पन्न हुई है। ऐसे में सवाल उठता है कि जिस मिशन को सरकार पूरे देश में लागू कर वाहवाही बटोरी आई है उसी महत्वपूर्ण मिशन को क्यों छोटी कमियां और बहानों का ओट लेकर संबंधित अधिकारी कर्मचारी मिट्टी में मिलाने पर आमादा हैं।
*बिन टोटी के नल से बेकार बहाया जा रहा है पानी*
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि हर घर नल जल योजना के तहत घर-घर टोटी के जरिए पानी पहुंचाने की कवायद तेज़ करने के दावे तो ख़ूब किए गए लेकिन हकीकत यह है कि आज भी नल में टोटी का अभाव होने के कारण जगह जगह पानी को बेकार में बहाया जा रहा है। ऐसी सूरत में जहां लोग मोटर न चलने, बिजली न होने की स्थिति में बूंद बूंद पानी के लिए तरस जा रहे हैं वहीं इंसानों से लेकर मवेशियों तक को पानी के लिए बिचलित देखा जा सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

