गोरखपुर, 21 अप्रैल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित करेंगे। योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में होने वाला यह सम्मलेन समाज के अलग-अलग वर्गों के साथ शुरू किया गया मुख्यमंत्री के संवाद का ही हिस्सा है। इसके पहले 5 अप्रैल को वह गोरखपुर में युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर चुके हैं। नारी शक्ति वंदन सम्मेलन के माध्यम से सीएम योगी जहां एक ओर सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे, वहीं दूसरी ओर महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को कठघरे में खड़ा करेंगे।
विधायी प्रतिनिधित्व में महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक को लेकर गत दिनों संसद में दिखे विपक्ष के रवैये पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार आक्रामक हैं। रविवार को उन्होंने लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर इस मुद्दे पर विपक्ष को बेनकाब करने के लिए कार्यक्रमों की घोषणा की थी। इसी क्रम में मंगलवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास से विधानभवन तक निकाली गई जनाक्रोश पदयात्रा में सीएम योगी खुद शामिल हुए। महिला आरक्षण के मुद्दे पर वह कांग्रेस, सपा और अन्य विपक्षी दलों को बुधवार को भी घेरेंगे। अवसर होगा गोरखपुर में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का। इसमें वह मातृशक्ति के साथ सीधा संवाद स्थापित कर महिलाओं के प्रति भाजपा और अन्य दलों के विजन का तुलनात्मक ब्यौरा पेश करेंगे।
नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में सीएम योगी जहां केंद्र और प्रदेश सरकार की तरफ से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए किए गए कार्यों के बारे बताएंगे तो वहीं उनके निशाने पर नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक का विरोध करने वाले राजनीतिक दल और उनके नेता भी रहेंगे। सम्मेलन स्थल, योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में महिला कल्याण को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

