रायपुर, 21 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अब रसोई गैस सिलेंडर के झंझट से जल्द राहत मिलने वाली है। भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय की योजना के तहत शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) परियोजना पर काम शुरू होने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी हरियाणा सिटी गैस कंपनी को सौंपी गई है।
इसको लेकर नगर निगम मुख्यालय में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें परियोजना की तैयारियों और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने स्पष्ट निर्देश दिए कि काम शुरू करने से पहले एजेंसी को अनिवार्य रूप से निगम से एनओसी लेना होगा और निर्धारित शुल्क जमा करना होगा।
जनता को नहीं होनी चाहिए परेशानी
आयुक्त ने कहा कि विकास कार्यों के दौरान आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। विशेष रूप से गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल पाइपलाइन को किसी भी हालत में नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जहां सड़क की खुदाई की जाए, वहां काम पूरा होते ही तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
नगर निगम ने सभी जोन कमिश्नरों और नगर निवेश विभाग को एजेंसी के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि लापरवाही के चलते पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होती है, तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
हाई-लेवल बैठक में लिए गए फैसले
बैठक में अपर आयुक्त पंकज शर्मा, नगर निवेश के कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह सहित सभी जोन के इंजीनियर मौजूद रहे। एजेंसी के प्रतिनिधि राकेश रंजन को निर्देश दिए गए कि वे जोन अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर ही काम की शुरुआत करें।
नगर निगम का उद्देश्य है कि केंद्र सरकार की इस जनहितैषी योजना का लाभ रायपुर के नागरिकों को जल्द से जल्द मिले, वह भी बिना किसी अव्यवस्था के।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

