रायपुर, 21 अप्रैल (आरएनएस)। अग्निशमन सेवा सप्ताह (14 से 20 अप्रैल 2026) के अवसर पर अग्निशमन विभाग रायपुर और राज्य आपदा मोचन बल के संयुक्त तत्वावधान में एसबीआई बैंक मुख्यालय में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आगजनी जैसी आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव कार्यों की दक्षता को मजबूत करना रहा।
यह मॉक ड्रिल संभागीय सेनानी अनिमा एस. कुजूर एवं जिला अग्निशमन अधिकारी व जिला सेनानी पुष्पराज सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्यक्रम के दौरान एक काल्पनिक आपदा स्थिति तैयार कर कर्मचारियों और संबंधित टीमों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
मॉक ड्रिल में आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी (एवैकुएशन), अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग और आपातकालीन प्रबंधन के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन किया गया। कर्मचारियों को यह भी सिखाया गया कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय संयम और सतर्कता के साथ कैसे कार्य किया जाए।
वर्ष 2026 की थीम सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा अवगत समाज—आग की रोकथाम के लिए एक साथ के अनुरूप कार्यक्रम में आग से बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभ्यास से आपदा के समय बेहतर समन्वय स्थापित होता है और संभावित नुकसान को कम किया जा सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को आग से बचाव के जरूरी उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान एसबीआई की ओर से एसबीआई केयर्स फ़ॉर योर सेफ्टी संदेश के माध्यम से ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई गई। बैंक प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजन सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कर्मचारियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार करने में सहायक होते हैं।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मॉक ड्रिल के साथ सप्ताह भर चले कार्यक्रमों का समापन हुआ। यह आयोजन न केवल कर्मचारियों के लिए उपयोगी साबित हुआ, बल्कि आम लोगों में भी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

