कोण्डागांव, 30 जून (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोण्डागांव में मंगलवार को पुलिस विभाग में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने सेवानिवृत्त उप निरीक्षक धीरेन्द्र ठाकुर, उप निरीक्षक केजूराम कुमेटी तथा प्रधान आरक्षक ग्रेगोरी केरकेट्टा को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखद और मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में एसपी पंकज चंद्रा ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है तथा उनका अनुभव नई पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग द्वारा मिले सम्मान और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने वर्तमान पुलिसकर्मियों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सेवानिवृत्त साथियों के योगदान को याद करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखमय जीवन की कामना की। समारोह में पुलिस कार्यालय एवं जिले की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

