धमतरी, 30 जून (आरएनएस)। धमतरी पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम गिधावा से गांजा बेचने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर 1.150 किलोग्राम गांजा, बिक्री की नकदी और मोबाइल फोन सहित कुल 49,650 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिहावा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गिधावा में एक महिला अपने घर से अवैध रूप से गांजा बेच रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में महिला के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के अंदर पलंग के नीचे रखे एक थैले से 1.150 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। महिला गांजा रखने और बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने गांजा बिक्री से प्राप्त 2,650 रुपये नकद तथा एक की-पैड मोबाइल फोन भी जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 49,650 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने धनेश्वरी साहू (39 वर्ष), निवासी ग्राम गिधावा, थाना सिहावा को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 49/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में मामला दर्ज किया। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन या भंडारण की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

