चित्रकूट 21 अप्रैल (आरएनएस)। बरगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाइक और ट्रक की भिड़ंत में मप्र के कोनी गांव के शनि कुमार निषाद (17) पुत्र आनंद निषाद की जान चली गई। वहीं मनोज निषाद (16) गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार शनि और मनोज मऊ थाना क्षेत्र के कोलौहा गांव में अपनी नानी के घर निमंत्रण पर जा रहे थे। बरगढ़ थाना क्षेत्र के मध्य प्रदेश जाने वाले रोड पर उनकी बाइक एक ट्रक से टकरा गई। ग्रामीणों और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को मऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने शनि को मृत घोषित कर दिया। जबकि मनोज को गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर कर दिया गया। बताया गया कि मृतक के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। अपने परिवार में सबसे बड़ा था और उसकी एक छोटी बहन है। घटना के बाद से परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना स्थल मप्र क्षेत्र में होने के कारण डभौरा पुलिस टीम आई और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जवा रींवा लेकर गई है। परिजनों के अनुसार सनी व मनोज सूरत में एक फैक्ट्री में काम करते थे। तीन दिन पूर्व ही वहां से गांव लौटे थे।
बाक्स————
सड़क हादसे में चार घायल
चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के कालूपुर के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। खोह निवासी सुनाती लाल ने बताया कि उसका पुुत्र राजुल अपने दोस्त हनुआ निवासी शिवकरण के साथ बाइक से मंगलवार की सुबह कर्वी की ओर जा रहे थे। जैसे ही गांव से बाहर निकलकर हाईवे पर कालूपुर के पास पहुंचे तो सामने से ते ज गति से आए ट्रैक्टर ने बाइक पर टक्कर मार दी। इसमें दोनों घायल हुए। पहाड़ी थाना क्षेत्र के नांदी तौरा गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय संतुलन बिगडऩे पर बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र नांदी निवासी दीपक सिंह पुत्र सत्यनारायण बाइक समेत टूटी सड़क के गडढे में जा गिरा। इससे उसके सिर व चेहरे में गंभीर चोट आई। घायल छात्र को राहगीरों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। छात्र ने बताया कि वह कालूपुर पाही डिग्री कालेज में पढता है। उसका सेंटर गोस्वामी तुलसीदास राजकीय महाविद्यालय बेडीपुलिया है। मंगलवार को वह बाइक से परीक्षा देने जा रहा था।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

