चित्रकूट 21 अप्रैल (आरएनएस)। कर्वी में अपने तिलक और शादी का कार्ड बांट रहे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सोमवार रात झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सदर कोतवाली क्षेत्र के बेडीपुलिया के पास हुआ।
मऊ थाना क्षेत्र के खंडेहा पियरा निवासी कमल सिंह के बेटे अमरीक पटेल (28) कर्वी में रहकर ठेकेदारी करते थे। उनका तिलक 5 मई और शादी 7 मई को तय थी। सोमवार को वह बाइक से कपसेठी, अमानपुर समेत अन्य गांवों में रिश्तेदारों को कार्ड बांट रहे थे। रात करीब नौ बजे बेडीपुलिया पेट्रोल पंप से पेट्रोल भराकर गांव लौटते समय हाईवे पर कर्वी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमरीक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। इसके बाद बोलेरो एक अन्य चार पहिया वाहन को भी टक्कर मारकर बांदा की ओर भाग निकली। सूचना पर सीतापुर चैकी प्रभारी यदुवीर सिंह मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जेब में मिले कागजात और मोबाइल से शिनाख्त कर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पिता ने बताया कि एक पखवाड़े बाद बेटे की शादी थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। अमरीक दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़े थे। उनके पिता किसान हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

