धमतरी,21 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सिहावा पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 127 किलो से अधिक गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल की शाम सांकरा स्थित फॉरेस्ट नाका पर वन विभाग की टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध सिल्वर कार (एमएच10-डी क्यू-4294) को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार की डिक्की से भूरे टेप में पैक 62 पैकेट गांजा बरामद हुआ।
मौके पर थाना सिहावा पुलिस को बुलाकर गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की गई। तौल करने पर कुल 127.09 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 63.54 लाख रुपये आंकी गई है।
ओडिशा से महाराष्ट्र की थी सप्लाई
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गांजा ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा एक कार (करीब 9 लाख रुपये), दो मोबाइल फोन और 1500 रुपये नगद भी जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 72.71 लाख रुपये बताई गई है।
दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप विष्णु खोत (41) और स्वप्नील मुलिक (31), दोनों निवासी सांगली (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) (द्बद्ब) (सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

