रायपुर 21 अप्रैल 2026(आरएनएस) छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना न केवल व्यक्तिगत टिप्पणी है, बल्कि देश के सर्वोच्च पद की गरिमा पर सीधा आघात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कश्मीर में शांति और विकास का नया दौर शुरू हुआ है तथा आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री के लिए कथित रूप से इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्दों की कड़ी निंदा करते हुए इसे राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि यह आलोचना नहीं, बल्कि कांग्रेस की हताशा और राजनीतिक दिवालियापन का प्रतीक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस विकास, तथ्यों और जनहित के मुद्दों पर जवाब देने में असफल होती है, तब वह इस प्रकार की भाषा का सहारा लेती है। यह न तो स्वस्थ लोकतंत्र के अनुरूप है और न ही जिम्मेदार विपक्ष की पहचान।
देव ने कहा कि इस तरह के बयान न केवल प्रधानमंत्री पद का अपमान हैं, बल्कि उन करोड़ों मतदाताओं के जनादेश का भी अनादर हैं, जिन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अपना नेतृत्व चुना है।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी से अपील की कि वे राजनीतिक संवाद में मर्यादा बनाए रखें। साथ ही उन्होंने मांग की कि कांग्रेस और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
उन्होंने अंत में कहा कि लोकतंत्र में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन भाषा की मर्यादा और राष्ट्र के सर्वोच्च पद का सम्मान हर स्थिति में बनाए रखना आवश्यक है।

