रायपुर, 22 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में जल्द ही नेचुरल गैस पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू होने जा रहा है। इस परियोजना के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय ने हरियाणा सिटी गैस कंपनी को अधिकृत किया है। फिलहाल यह योजना प्रारंभिक चरण में है और कार्य शुरू करने से पहले संबंधित एजेंसी को नगर निगम से अनिवार्य रूप से एनओसी लेना होगा, साथ ही निर्धारित शुल्क भी जमा करना होगा।
नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने इस संबंध में गांधी सदन सभागार में बैठक आयोजित कर एजेंसी के प्रतिनिधियों और सभी जोन कमिश्नरों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य संबंधित जोनों के जल विभाग और नगर निवेश विभाग के अधिकारियों के समन्वय से किया जाए।
आयुक्त ने विशेष रूप से कहा कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान शहर की पेयजल लाइनों को किसी भी स्थिति में नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। इसके अलावा, जहां-जहां खुदाई की जाएगी, वहां सड़कों की तुरंत मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए कार्य के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में अपर आयुक्त पंकज शर्मा, विभिन्न जोनों के जोन कमिश्नर, नगर निवेश विभाग के कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह सहित अन्य अधिकारी और हरियाणा सिटी गैस कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहरवासियों को प्राकृतिक गैस की सुविधा मिलने की उम्मीद है, जिससे घरेलू और व्यावसायिक उपयोग में सहूलियत बढ़ेगी।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

