कांग्रेस, सपा और टीएमसी महिलाओं से माफी मांगते घूमेंगे
प्रयागराज 22 अप्रैल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कडग़म ने मिलकर इस महत्वपूर्ण अधिनियम को पारित होने से रोका। उन्होंने कहा कि इन दलों ने महिलाओं के राजनीतिक भविष्य में बाधा डालने का काम किया है, जिसका जवाब देश की महिलाएं आने वाले समय में देंगी।
श्री मौर्य ने विपक्षी दलों को चेतावनी देते हुए कहा कि देश की आधी आबादी अब उनके “राजनीतिक अस्तित्व” पर सवाल खड़ा करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष को महिलाओं से माफी मांगनी पड़ेगी और उनके आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अपने एक दिवसीय दौरे पर प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेसवार्ता में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन विपक्षी दलों की वजह से यह विधेयक संसद में पारित नहीं हो सका।
मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार का संकल्प है कि महिलाओं को उनका अधिकार दिलाकर ही रहेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार की मंशा थी कि संसद में सांसदों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 की जाए। जिसमें 33 प्रतिशत महिलाएं भी प्रतिनिधित्व करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल आरक्षित सीटों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि वे सामान्य सीटों पर भी चुनाव लड़ सकती हैं।
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि भाजपा पूरे देश में महिलाओं को एकजुट कर उनके अधिकारों के लिए आंदोलन छेड़ेगी। इसके तहत कांग्रेस, सपा, टीएमसी और डीएमके के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी महाआंदोलन की तैयारी कर रही है, ताकि महिलाओं को उनका हक दिलाया जा सके
इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अब पछताने से कुछ नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष महिलाओं के मुद्दे पर केवल राजनीति कर रहा है। जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

