प्रयागराज 22 अप्रैल (आरएनएस)। मांडा थाना क्षेत्र के डेंगुरपुर गंगा घाट पर लखीमपुर खीरी निवासी एक मजदूर 50 फीट नीचे खाई में गिरकर गंगा में समा गया। घटना के बाद कार्यस्थल पर अफरातफरी मच गई और साथी मजदूर बेबस देखते रह गए। लापता मजदूर की खोजबीन की जाती रही। करीब छह घंटे के बाद शव को बरामद किया जा सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाढ़ प्रखंड की ओर से अधिकृत ठेकेदार भवंर इंटरप्राइजेज की ओर से जियो टेक्सटाइल ट्यूब कटर और पत्थर पिचिंग का कार्य पिछले एक माह से कराया जा रहा है। बुधवार सुबह करीब सात बजे लखीमपुर खीरी जिले के थाना धरहरा क्षेत्र के पहाडिय़ापुर गांव समेत आसपास के गांवों से 12 मजदूर काम पर पहुंचे थे। इनमें अवधराम (35) पुत्र तेजी भी शामिल थे। काम शुरू होते ही अवधराम घाट की ओर बढ़े। घाट पर पहले से बनी करीब 50 फीट गहरी खाई के पास पहुंचते ही उनका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर मिट्टी और चट्टानों से टकराते हुए सीधे गंगा में जा गिरे। कुछ ही क्षण में वह गंगा की लहरों में समा गए। शोर सुनकर आसपास के मछुआरे नाव लेकर मौके पर पहुंचे और काफी देर तक तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। साथी मजदूरों का आरोप है कि एक माह से काम चलने के बावजूद खाई के पास न तो बैरिकेडिंग की गई और न ही किसी तरह के सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। इससे हादसे की आशंका पहले से बनी हुई थी।
मजदूरों ने बताया कि वे लोग बुधवार सुबह साइट पर पहुंचे थे। काम शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद हादसा हो गया। घटना के करीब चार घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दरोगा चंद्रपाल सिंह टीम के साथ पहुंचे और स्थानीय मछुआरों को लगाकर गंगा में डूबे मजदूर की तलाश शुरू कराई। छह घंटे के बाद उसकी लाश पाई गई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

