प्रयागराज 22 अप्रैल (आरएनएस)। दो साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोपी मंगलवार की शाम पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। उसे प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाने की पुलिस ने मेडिकल जांच के लिए एसआरएन अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था। मानिकपुर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने कोतवाली थाने में आरोपी जलालुद्दीन और दो सिपाही मगन शर्मा और अनुज कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। उधर, प्रतापगढ़ एसपी ने दोनों सिपाहियों को निलंबित कर जांच के आदेश दिए हैं।
ज्ञात हो कि प्रतापगढ़ के नई बाजार रहवई कुंडा निवासी 50 वर्षीय जलालुद्दीन को मानिकपुर पुलिस जिला कारागार से रिमांड पर लेकर एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उसका मेडिकल जांच, डीएनए टेस्ट व उपचार होना था। लेकिन, मंगलवार की शाम करीब सवा छह बजे ड्यूटीरत मानिकपुर थाने के कांस्टेबल मगन शर्मा और अनुज कुमार को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी जलालुद्दीन पर रविवार को दो साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस कस्टडी से आरोपी के फरार होने की सूचना पर प्रतापगढ़ और प्रयागराज पुलिस महकमे में खलबली मच गई। देर रात तक रेलवे स्टेशन, बस अड्डा व अन्य संभावित जगहों पर आरोपी की तलाश की गई। अस्पताल से लेकर रास्तों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल सका। कोतवाली थाना प्रभारी नितेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि मानिकपुर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह की तहरीर पर आज आरोपी जलालुद्दीन समेत कांस्टेबल मगन शर्मा व अनुज कुमार के खिलाफ बीएनएस की धारा 261 व 262 के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

