अन्य एजेंसियों के डिलेवरी वाहन आने हुए बंद
सुल्तानपुर 22 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के कुड़वार ब्लॉक में संचालित कमला इंडेन गैस एजेंसी पर अचानक उपभोक्ताओं के रिफिल लेने की संख्या बढऩे से समस्या हो रही है। लेकिन कंपनी के नियमों के अनुसार एजेंसी संचालिका द्वारा लोड आने पर रिफिल उपलब्ध कराई जा रही है। पुरानी एजेंसी होने के नाते एजेंसी के पास करीब 20 हजार उपभोक्ता है।
बता दे कि कमला गैस एजेंसी कुड़वार पर 13 हजार उज्ज्वला, 07 हजार सामान्य व 150 सौ एमडीएम व कमर्शियल गैस के उपभोक्ता है। बीते करीब डेढ़ माह से गैस की समस्या कंपनी द्वारा लोड कम किए जाने के बाद उत्पन्न हुई है।इसके पहले माह भर में 22 से 24 लोड इंडेन कंपनी द्वारा एजेंसी को दिए जाते थे तो किसी भी उपभोक्ता को समस्या नहीं होती थी। साथ ही जिले की अन्य एजेंसियों द्वारा डिलेवरी वाहन भेज कर सप्लाई कराई जाती थी लेकिन जब से गैस की किल्लत शुरू हुई तो सभी एजेंसियों ने सप्लाई बंद कर दी। ऐसे में सारे उपभोक्ताओं का लोड अकेले स्थानीय गैस एजेंसी पर पड़ गया है।गैस एजेंसी की संचालिका शिखा सिंह ने बताया कि कंपनी द्वारा जिस हिसाब से लोड मिल रहा है उसी तरह वितरण किया जा रहा है। उनके अनुसार अब तीसरे चौथे दिन लगभग 350 सिलेंडर का लोड कंपनी द्वारा दिया जा रहा है। लोड जिस दिन आता है उसके करीब तीन दिन पहले बुक किए गए सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम पर दिखाई देती है। जिसमे करीब 490 सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग दिखाई देती है। उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग के बाद डीएसी प्राप्त हो वे उपभोक्ता बुकिंग के लगभग चौथे या पांचवें दिन जब भी लोड आए तो गोदाम पहुंचकर तत्काल गैस प्राप्त करे। बिना कंपनी से लोड प्राप्त हुए एजेंसी पर भीड़ लगाने से गैस नहीं मिल पाएगी। उन्होंने कहा कि अब यह व्यवस्था भी बनाई जा रही है कि जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग ऑनलाइन सिस्टम पर शो कर रही है उन्हें जिस दिन गैस का लोड आयेगा फोन से गैस आने की सूचना दी जाएगी। जिससे अनावश्यक भीड़ का हिस्सा न बनना पड़े। फोन पर केवल सूचना दी जाएगी। डीएसी नंबर बताने की जरूरत नहीं है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

