बल्दीराय/सुल्तानपुर 22 अप्रैल (आरएनएस)। बल्दीराय थाना क्षेत्र के सोरांव (कोट) गांव में सोमवार रात करीब 8 बजे खेत से घर लौट रहे एक व्यक्ति पर घात लगाकर हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी हसमुद्दीन खेत से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बाजार के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे कुछ हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से वार किए। हसमुद्दीन की चीख-पुकार सुनकर उनके परिजन मोहब्बतुद्दीन और नजमुद्दीन उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर किया गया, जहां से डॉक्टरों ने नाजुक स्थिति को देखते हुए सभी को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। पीडि़त पक्ष ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच में जुटी है पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

