कुशीनगर, 22 अप्रैल (आरएनएस)। जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन के सभागार में बुधवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्रश्न एवं सन्दर्भ समिति के सभापति ध्रुव कुमार त्रिपाठी के सभापतित्व में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। समिति के अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत देवरिया एवं कुशीनगर जनपद के विभिन्न विभागों की प्रगति एवं कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, जिलाधिकारी देवरिया दिव्या मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक देवरिया, कुशीनगर की उपस्थिति में स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्राम्य विकास, विद्युत, परिवहन, आबकारी, लोक निर्माण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। विभागवार प्रस्तुत आख्या के आधार पर योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों एवं कमियों का परीक्षण किया गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों की मान्यता, शुल्क नियंत्रण, मिड-डे-मील व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति एवं शिक्षकों, कार्मिकों की तैनाती की समीक्षा की गई। समिति ने निर्देश दिया कि विद्यालयों में छात्रों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत गांव-गांव जागरूकता रैली निकल जाए तथा जन सामान्य को प्राइमरी एवं माध्यमिक विद्यालयों में एडमिशन के लिए प्रोत्साहित किया जाए।समिति ने निर्देशित किया कि आर.टी.ई. योजना, निजी विद्यालयों की फीस एवं अन्य आवश्यक सूचनाएं विद्यालयों के सूचना पट्ट पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाएं। प्राइवेट विद्यालयों की जांच हेतु समिति गठित कर मान्यता/पंजीकरण के अनुरूप ही कक्षाओं के संचालन की पुष्टि की जाए तथा एक माह में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए तथा छात्रों को गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। अल्पसंख्यक कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के अंतर्गत मदरसों की संख्या, अनुदान की स्थिति, छात्र-छात्राओं की संख्या की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग में मेडिकल कॉलेज, सीएचसी एवं पीएचसी में रिक्त पदों, दवाओं एवं जांच सुविधाओं की उपलब्धता पर चर्चा करते हुए सेवाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। प्रावैधिक एवं उच्च शिक्षा अंतर्गत इंजीनियरिंग कॉलेजों एवं महाविद्यालयों में रिक्त पद, फीस संरचना एवं छात्र सुविधाओं की समीक्षा की गई। आबकारी विभाग की समीक्षा में मदिरा दुकानों के आवंटन, मानकों के अनुपालन, अवैध शराब की रोकथाम एवं विद्यालयों के आसपास दुकानों की स्थिति पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग की समीक्षा के अंतर्गत विद्यालयी वाहनों के चालक एवं परिचालकों के सत्यापन तथा सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर बल दिया गया। विद्युत विभाग की समीक्षा के अंतर्गत जनपद में विद्युत आपूर्ति एवं विद्यालयों के विद्युतीकरण की समीक्षा करते हुए शिक्षण अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग के वित्तीय वर्ष 2025-26 के कार्यों एवं लंबित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि जिन सरकारी विद्यालयों के संपर्क मार्ग अभी तक विकसित नहीं हुए है। उन्हें पीच मार्ग से जोडऩे हेतु कार्ययोजना में शामिल किया जाए, तथा सभी कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा के दौरान विधायक निधि के उपयोग एवं शासनादेशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक के दौरान महत्वपूर्ण निर्देश-सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों, अध्यापकों के समस्त देयकों का भुगतान समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। सभापति ने प्रधानाचार्य स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय को निर्देश दिया कि जनपद में मेडिकल कॉलेज में रिक्त असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्रोफेसर के पद पर भर्ती प्रक्रिया को तत्काल संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि संविदा पर भी रिटायर्ड विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाए। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सालय में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि संचालित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में पर्याप्त फैकेल्टी की उपलब्धता की जांच करें। सभी विभाग शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करें तथा जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। देवरिया एवं कुशीनगर के जिलाधिकारी ने सभापति को आश्वस्त किया कि आपके द्वारा दिए गए निर्देशों का सभी विभागीय अधिकारियों द्वारा अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति ने जो निर्देश जिस विभाग को दिए है। उसकी अनुपालन आख्या शत प्रतिशत सुनिश्चित करते हुए अवगत कराया जाएगा। इस अवसर पर जनपद स्तरीय समस्त अधिकारी ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत किए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

