लखनऊ 22 अप्रैल (आरएनएस ) ।प्रयागराज में कोचिंग संस्थान संस्कृति आईएएस द्वारा आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह–2026Ó में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चयनित मेधावी अभ्यर्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग–2024 में सफलता प्राप्त करने वाले युवाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को देश और प्रदेश का भविष्य बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं संस्थान के निदेशक अखिल मूर्ति द्वारा सफल अभ्यर्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में चयन केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने युवाओं को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि युवा देश, प्रदेश और अपने परिवारों के उज्ज्वल भविष्य के मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने आह्वान किया कि युवा अपने परिश्रम और प्रतिभा से राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएं।तीर्थराज प्रयाग की पावन धरती का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम की भूमि है, जो ज्ञान, साधना और परिश्रम की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज देशभर के प्रतियोगी छात्रों का प्रमुख केंद्र है, जहां विद्यार्थी कठिन परिस्थितियों में रहकर भी सफलता अर्जित करते हैं।उपमुख्यमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का लक्ष्य दोहराते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने परिवार, गांव और प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित कर रही है, जिससे योग्य और मेहनती अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिल रहा है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सरकार कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर संस्कृति आईएएस द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए ‘फंडामेंटल कोर्सÓ का शुभारंभ किया गया, जिसे मात्र एक रुपये की टोकन राशि पर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराया गया है। इस पहल की सराहना करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।संस्थान के निदेशक अखिल मूर्ति ने विद्यार्थियों की सफलता में संस्थान की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षकगण—सी.बी.पी. श्रीवास्तव, ए.के. अरुण, राजकुमार एवं के.पी. द्विवेदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।सम्मान प्राप्त करने वाले चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं संस्थान के सहयोग को दिया। उपमुख्यमंत्री ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि असफलता से निराश हुए बिना निरंतर प्रयास करते रहें, क्योंकि दृढ़ संकल्प और परिश्रम से ही सफलता प्राप्त होती है।इस अवसर पर सांसद प्रवीण पटेल, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, विधायक दीपक पटेल, राजेश शुक्ल, निर्मला पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्यजन की उपस्थिति रही।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

