लखनऊ 22 अप्रैल (आरएनएस )। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी निष्ठा से जुटे रहने के निर्देश दिए हैं।मायावती ने अपने संदेश में कहा कि वह पार्टी के कार्य से दिल्ली जा रही हैं और कार्य पूरा होते ही शीघ्र वापस लौटेंगी। इस दौरान उत्तर प्रदेश में 31 मार्च 2026 को लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय बड़ी बैठक में पार्टी संगठन को तैयार करने, कैडर के माध्यम से जनाधार बढ़ाने, आर्थिक मजबूती देने तथा विधानसभा आम चुनाव की तैयारियों से जुड़े जो दिशा-निर्देश दिए गए थे, उन पर पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अमल जारी रखा जाए।उन्होंने कहा कि स्थानीय बैठकों में उत्तर प्रदेश में बीएसपी सरकार के दौरान कराए गए विकास और जनहित के कार्यों की जानकारी लोगों तक अवश्य पहुंचाई जाए। साथ ही यह भी बताया जाए कि प्रदेश में बने कई एक्सप्रेस-वे तथा नोएडा में बने एयरपोर्ट सहित अनेक परियोजनाओं की योजना और रूपरेखा बीएसपी सरकार के समय ही तैयार की गई थी, जिन्हें उस समय केंद्र की कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण अपेक्षित गति नहीं मिल सकी।मायावती ने अपने संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश के समुचित विकास, सर्वसमाज की उन्नति तथा बेहतर कानून व्यवस्था के लिए ‘कानून द्वारा कानून का राजÓ और ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखायÓ की नीति पर आधारित शासन ही प्रभावी साबित हो सकता है। उन्होंने 22 फरवरी 2026 को आयोजित अखिल भारतीय स्तर की बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 अप्रैल 2026 को मीडिया में व्यक्त किया गया पार्टी का रुख अब भी यथावत है और इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि बैठकों में इस विषय पर पार्टी की आधिकारिक स्थिति से सभी को अवगत कराया जाए, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी अनुशासन के अनुसार इस मुद्दे पर किसी प्रकार का धरना-प्रदर्शन नहीं किया जाए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

