रायगढ़, 22 अप्रैल (आरएनएस) जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चक्रधरनगर पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सट्टा नेटवर्क के मुख्य आरोपी देव बंसल (21) को रायपुर स्थित उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया है।पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले का खुलासा 16 फरवरी 2026 को बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्याम फिनाइल उद्योग में की गई रेड कार्रवाई के दौरान हुआ था। उस समय विकास अग्रवाल उर्फ फून्नु और विनय अग्रवाल को इंग्लैंड और इटली के बीच चल रहे टी-20 मैच पर मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था। पूछताछ में दोनों ने गगन अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा संचालन करना स्वीकार किया था।इसके बाद 11 मार्च को फरार आरोपी गगन अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गगन अग्रवाल, देव बंसल और अन्य साथी मिलकर इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और फोनपे के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क चला रहे थे।गिरफ्तार आरोपी देव बंसल के कब्जे से आईफोन 16 प्रो बरामद किया गया है, जिसमें विभिन्न राज्यों की यात्रा, ऑनलाइन लेनदेन और सट्टा संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के बाद आरोपी लगातार स्थान बदलकर अन्य राज्यों में छिपते हुए इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहे थे।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

