रायपुर, 22 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित करेंसी टावर में लिफ्ट फेल होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में आईएएस अधिकारी के लिफ्ट में फंसने के बाद अब कांग्रेस प्रवक्ता नितिन भंसाली भी लिफ्ट में फंस गए, जिससे एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, नितिन भंसाली बुधवार को करेंसी टावर पहुंचे थे। इसी दौरान वे अचानक लिफ्ट में फंस गए। लिफ्ट का सपोर्ट सिस्टम काम नहीं कर रहा था और अंदर से किसी तरह की मदद की व्यवस्था भी मौजूद नहीं थी। काफी देर तक लिफ्ट में फंसे रहने के बाद उन्होंने दरवाजा पीटकर मदद मांगी। आवाज सुनकर मौके पर मौजूद गार्ड ने किसी तरह लिफ्ट का दरवाजा खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।बताया जा रहा है कि करेंसी टावर जैसे बड़े कॉम्प्लेक्स में करीब 850 दुकानें और ऑफिस संचालित हैं, लेकिन यहां केवल 4 लिफ्ट उपलब्ध हैं। इनमें से भी 2 लिफ्ट लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जबकि बाकी 2 लिफ्ट भी बार-बार खराब हो जाती हैं। इसके चलते लोगों को लंबी कतारों और भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।सबसे चिंताजनक बात यह है कि लिफ्ट के अंदर न तो हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित है और न ही इमरजेंसी सिस्टम सही तरीके से काम कर रहा है। ऐसे में लिफ्ट फंसने की स्थिति में लोग पूरी तरह असहाय हो जाते हैं।गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी टावर में आईएएस ऋचा शर्मा करीब 10 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रही थीं। उस दौरान लिफ्ट के अंदर पर्याप्त रोशनी और वेंटिलेशन की व्यवस्था नहीं थी, जिससे उन्हें घबराहट का सामना करना पड़ा था।बार-बार हो रही इन घटनाओं के बावजूद प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर अब लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

