ऽ लोधेश्वर कॉरिडोर, एससीआर कार्यों में तेजी एवं पार्किंग व्यवस्था सुधारने का दिया आश्वासन
ऽ जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर रहेगा जोर: डीएम
बाराबंकी 22 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के नवागत जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बुधवार को पत्रकारों से संवाद कर जनपद की प्राथमिकताओं, विकास कार्यों तथा जनसमस्याओं के समाधान को लेकर अपनी कार्ययोजना साझा की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील एवं जनोन्मुख प्रशासन देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा तथा इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में उदासीनता अथवा ढिलाई पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें, जिससे आमजन को समय पर न्याय मिल सके। तहसील रामनगर स्थित लोधेश्वर धाम में निर्माणाधीन कॉरिडोर एवं एससीआर से संबंधित कार्यों के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले और जनपद के विकास को गति मिल सके। नगर क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि शहर में जाम की समस्या कम करने तथा यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने पत्रकारों से नियमित संवाद बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक एक-दो माह में संवाद स्थापित कर जनपद की समस्याओं, विकास कार्यों एवं समाधान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक समन्वय जनहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, जनपद के सम्मानित पत्रकार बन्धु, प्रभारी सूचना अधिकारी मयंक तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बाक्स
डीएम ने लोधेश्वर महादेव में किया जलाभिषेक
बाराबंकी। नवागत जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपनी नई जिम्मेदारी की शुरुआत आस्था के साथ की। बुधवार सुबह 2017 बैच के आईएएस अधिकारी सिंह ने प्रसिद्ध पौराणिक लोधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में पहुंचने पर स्थानीय पुजारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने जिलाधिकारी का स्वागत किया। मंदिर के पुजारी आदित्यनाथ महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जिलाधिकारी से जलाभिषेक कराया और विधि-विधान से पूजा संपन्न करवाई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद की खुशहाली, शांति और विकास के लिए प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के दौरान एसडीएम रामनगर आनंद तिवारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। मंदिर में दर्शन के लिए आम श्रद्धालुओं की भीड़ भी मौजूद थी, जिन्होंने नवागत जिलाधिकारी का अभिवादन किया। पूर्व जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के अयोध्या स्थानांतरण के बाद ईशान प्रताप सिंह को बाराबंकी का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इससे पहले, वह मुख्यमंत्री के विशेष सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

