बाइक से पति के साथ ड्यूटी पर जा रही थीं, डेंटल कॉलेज में करती थी नौकरी
बाराबंकी 22 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। अतरोरा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दंपति को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति सुरक्षित बच गया। मृतका की पहचान रसूलपुर निवासी सावित्री देवी (45) पत्नी सहजराम गौतम के रूप में हुई है। सावित्री देवी अपने पति सहजराम के साथ बाइक से सरस्वती डेंटल कॉलेज में अपनी ड्यूटी पर जा रही थीं। सुबह करीब 7:30 बजे जब वे जहांगीराबाद से बाराबंकी मार्ग पर थे तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सावित्री देवी ट्रक के पहियों के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे की सूचना मिलते ही मृतका के परिवार में शोक छा गया। सावित्री देवी अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। पति सहजराम गौतम इस घटना से सदमे में हैं। सूचना पर पहुंची जहांगीराबाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल पति को भी अस्पताल पहुंचाया गया। थाना प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक के खिलाफ वैधानिक क-ार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

