जनता को नहीं मिल रहा शीतल पेय जल
जैदपुर, बाराबंकी 22 अप्रैल (आरएनएस)। नगर पंचायत जैदपुर में आम जनता को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाईं गई सरकारी वाटर एटीएम मशीनें अब मात्र शोपीस बनकर रह गई हैं इन मशीनों से न तो ठंडा पानी मिल रहा है और न ही इनकी नियमित साफ-सफाई की जा रही है। जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग 5 वर्ष पूर्व कस्बे में 6 वाटर एटीएम मशीनों का शुभारंभ किया गया था लेकिन वर्तमान में अधिकांश मशीनें या तो खराब पड़ी हैं या उनमें से सामान्य तापमान का पानी भी ठीक से नहीं मिल रहा। गर्मी के इस मौसम में ठंडे पानी की सुविधा न होने से लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं को हो रही है जो प्यास बुझाने के लिए इन मशीनों पर निर्भर रहते हैं। वहीं मशीनों के अंदर साफ-सफाई न होने से पानी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। इसके अतिरिक्त कस्बे में लगे अधिकतर सरकारी इंडिया मार्का हैंडपंप भी पानी देने में असफल साबित हो रहे हैं जिससे पेयजल संकट और गहरा गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पंचायत प्रशासन इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा है। शिकायतों का कोई ठोस असर देखने को नहीं मिल रहा। अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत जैदपुर के जिम्मेदार अधिकारी कब इस समस्या को अपने संज्ञान मे लेते हैं और आम जनता को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

