बीजापुर, 22 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के पालनार क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां वरिष्ठ शिक्षक एवं प्रधान अध्यापक राजू पुजारी ने आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बीजापुर भेज दिया।
पुलिस जांच के दौरान मृतक के जेब से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस नोट में राजू पुजारी ने मानसिक रूप से प्रताडि़त किए जाने की बात लिखी है तथा कुछ लोगों के नामों का भी उल्लेख किया है, जिन्हें इस स्थिति के लिए जिम्मेदार बताया गया है। घटना के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से मिलकर मामले की गहन और निष्पक्ष जांच करने की मांग की है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। इस संबंध में बीजापुर कोतवाली के थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की सूक्ष्म जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विधिसंगत एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर आगे की जांच में जुटी हुई है और पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

