-आदर्श पब्लिक स्कूल रूदौली में मनाया गया विश्व पृथ्वी दिवस
रूदौली-अयोध्या 22 अप्रैल (आरएनएस)। विश्व पृथ्वी दिवस पर प्रदूषण मुक्त वातावरण व जीवन को बीमारी मुक्त बनाने के लिए जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।रुदौली क्षेत्र के प्रतिष्ठित आदर्श पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने 22 अप्रैल 2026 को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता रैली निकाली।
चारों सदनों के छात्र-छात्राएं निर्धारित रंग के वेश में हाथों में सेव अर्थ सेव लाइफ के स्लोगन लिखी तख्तियों को लेकर धरती को बचाने और उसे हरा भरा रखने का संदेश दिया। जागरूकता रैली का शुभारंभ स्कूल प्रबंधक आर. के. मौर्य के द्वारा हरी झंडी दिखाने के साथ हुआ। इस रैली का प्रमुख उद्देश्य पृथ्वी को हरा भरा रखना, जैव विविधता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना था। छात्र रैली का नेतृत्व स्कूल के हेड बॉय आदित्य कश्यप और हेड गर्ल आराध्या तिवारी विद्यालय का ध्वज लेकर कर रहे थे। उनके पीछे हाउस कैप्टन अपने-अपने सदन का ध्वज लेकर छात्र-छात्राएं अनुशासन के साथ पैदल मार्च कर रहे थे। यह रैली रुदौली कोतवाली पर संपन्न हुई। कोतवाली पहुंचने पर स्कूल प्रबंधक आर.के.मौर्य ने पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं वर्तमान भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक कसौधन को पौधा देकर सम्मानित किया। निदेशक पंकज मौर्या ने कोतवाली प्रभारी संजय मौर्य को पौधा देकर सम्मानित किया तथा प्रधानाचार्य सर्वजीत मिश्रा ने क्राइम ब्रांच प्रभारी संतोष यादव को पौधा देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधक आर.के.मौर्य अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन के कारण प्रदूषण बढ़ रहा है एवं प्राकृतिक संसाधनों का क्षय हो रहा है। आज आवश्यकता है कि हम पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी धरती को स्वच्छ व हरा भरा बनाएं और उसकी रक्षा कर पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाएं। छात्र रैली के अंत में प्रधानाचार्य श्री सर्वजीत मिश्रा ने वृक्षों की शीतल छाया के सुखद अनुभव को बताते हुए पौधों को लगाने और उन्हें संरक्षित करने का संदेश दिया।उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधक द्वारा छात्र-छात्राओं को बिस्किट तथा फ्रूटी का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्या शिखा श्रीवास्तव,शिक्षक शिक्षिकाएं एवं कोतवाली के अन्य सम्मानित सदस्य भी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

