प्रयागराज 22 अप्रैल (आरएनएस)। प्रयागराज मंडल उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत लोको पायलट एवं गार्ड लॉबी प्रयागराज में आज योग एवं एक्यूप्रेशर जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वस्थ कर्मी–सुरक्षित संचालन के संदेश को चरितार्थ करते हुए रेल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रनिंग स्टाफ को बेहतर मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य सुविधाएं के साथ तनाव मुक्त, ऊर्जावान एवं स्वास्थ्य-सचेत बनाना रहा।
कार्यक्रम में प्रख्यात योगाचार्य जे.पी. श्रीवास्तव एवं एक्यूप्रेशर शोध, प्रशिक्षण उपचार संस्थान के पंकज माहेश्वरी, प्रमोद कुमार, अनिल सिंह, ममता विश्वकर्मा ने अपनी अपनी विधा से प्रयागराज एवं छिवकी के लगभग 60 रनिंग कर्मी एवं लोको निरीक्षकों को स्वस्थ जीवन के सूत्र दिये।
कार्यक्रम की शुरुआत में योगाचार्य जे.पी. श्रीवास्तव ने रनिंग कर्मियों को विभिन्न योगासनों जैसे ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, एवं सूर्य नमस्कार का विधिवत प्रशिक्षण देते हुए उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि नियमित योग अभ्यास न केवल शारीरिक लचीलापन एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, सतर्कता एवं निर्णय क्षमता में भी वृद्धि करता है।
स्वस्थ कर्मी–सुरक्षित संचालन कार्यक्रम के तहत एक्यूप्रेशर थेरेपिस्ट पंकज माहेश्वरी ने अपने संस्थान का संक्षिप्त परिचय देते हुए एक्यूप्रेशर की वैज्ञानिक पद्धति पर प्रकाश डालते हुए शरीर के प्रमुख प्रेशर पॉइंट्स के बारे में विस्तार से समझाया। ममता विश्वकर्मा एवं अनिल सिंह ने कलर थेरेपी एवं सीड (बीज) थेरेपी के माध्यम से रोगों की रोकथाम एवं उपचार के महत्व को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य क्रू नियंत्रक (परि0) प्रयागराज विजय कुमार गर्ग, मुख्य क्रू नियंत्रक प्रयागराज छिवकी (परि0) एस. एन. द्विवेदी, मुख्य लोको निरीक्षक विजय बहादुर एवं वी. के. सिंह ने स्वस्थ कर्मी–सुरक्षित संचालन के सफल आयोजन हेतु सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

