बड़वानी 23 April, (Rns) । मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवली में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां अनेर नदी में नहाने गए तीन सगे भाई-बहन एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में डूब गए। मृतकों की पहचान 10 वर्षीय राधा, 8 वर्षीय राजवीर और 6 वर्षीय जयवीर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों बच्चे परिवार के साथ ग्राम बीलवा में मामा के घर गए थे। तीनों बच्चे अनेर नदी में नहाने गए, जहां अचानक हादसा हो गया। एक बच्चा डूबने लगा तो बाकी दो उसे बचाने गए और तीनों पानी में डूब गए। कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने तीनों बच्चों के शव बरामद किए। उन्हें तुरंत धवली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और गांव में मातम का माहौल छा गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है

