दमदम,24 अपै्रल (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार तेज हो गया है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दमदम में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार आने पर टीएमसी के गुंडों को छिपने की जगह नहीं मिलेगी, उन्हें कोई बचा नहीं सकेगा। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान में ऐतिहासिक मतदान ने टीएमसी के महाजंगलराज के अंत का उद्घोष कर दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल में लंबे समय से परिवर्तन की लहर दिख रही थी, जिस पर पहले चरण के मतदान में मुहर लग गई है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को मतदान में भाजपा के पक्ष में जो समर्थन दिखा है, उसने भाजपा की विजय का शंखनाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में टीएमसी ने लोकतंत्र के मंदिर को कुचला था और और अब जनता ने पहले चरण में लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण कर दिया है।
मोदी ने आगे कहा कि मतदान के बाद टीएमसी बहुत बुरी तरह बौखला गई है और कल रातभर टीएमसी अपने गुंडों को मैदान में उतरने के लिए ताकत दे रही थी। मोदी ने कहा कि बंगाल क्रांति और वीरों की धरती है और टीएमसी का दीया बुझने से पहले फडफ़ड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि 4 मई को नतीजे आने के बाद टीएमसी के गुंडों को बंगाल में छुपने की जगह नहीं मिलेगी, उन्हें कोई बचाने वाला नहीं मिलेगा।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

