रायपुर,24 अप्रैल (आरएनएस)। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर में पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अप्रैल माह के लिए कॉप ऑफ द मंथ सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला के नेतृत्व में कमिश्नर कार्यालय में संपन्न हुआ, जिसमें पश्चिम जोन के कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उन पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिन्होंने मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, साइबर अपराधों की जांच, लंबित मामलों के निपटारे, वारंट तामिली तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए निरीक्षक एस.एन. सिंह (पूर्व में कबीर नगर, वर्तमान थाना पंडरी), एएसआई घनश्याम साहू तथा आरक्षक आलोप राठौर, मोसिन खान और दीपक सिंह (कबीर नगर) को सम्मानित किया गया। वहीं साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई के लिए आरक्षक आशीष शुक्ला (आमानका) को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
एनसीसीआरपी पोर्टल पर उत्कृष्ट कार्य के लिए आरक्षक दिनेश पुराणिक (डीडी नगर) को सराहा गया। साइबर अपराधियों की पहचान और जांच में विशेष भूमिका निभाने के लिए एएसआई जे.एल. पारकर (पुरानी बस्ती) को भी सम्मानित किया गया।
लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण में योगदान के लिए आरक्षक डागेश्वर गायकवाड (एसीपी ऑफिस पुरानी बस्ती), वारंट तामिली में उत्कृष्ट कार्य के लिए आरक्षक नंदकिशोर अग्रहरि (टिकरापारा) तथा कमल विहार पुलिस सहायता केंद्र में बेहतर सेवा के लिए आरक्षक भारतेंद्र साहू को प्रशस्ति पत्र दिया गया। न्यायालयीन कार्यों के सुचारु निष्पादन के लिए प्रधान आरक्षक कुलदीप पाठक (एसीपी ऑफिस आजाद चौक) को भी सम्मानित किया गया।इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले और पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप पटेल भी उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के सम्मान से पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है और वे जनता की सेवा में और अधिक उत्साह के साथ कार्य करते हैं। रायपुर पुलिस का यह पहल न केवल उत्कृष्ट कार्यों को पहचान देने का माध्यम है, बल्कि अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

