ऋषिकेश,24 अपै्रल (आरएनएस)। प्रतीतनगर ग्राम सभा में भाजपा की ओर से शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में एक दर्जन से अधिक लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल ने कहा कि केंद्र की मोदी एवं राज्य की धामी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और पारदर्शी कार्यशैली से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विश्व का सबसे बड़ा संगठन है, जो राष्ट्रहित, विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने भाजपा की तुलना एक विशाल वट वृक्ष से करते हुए कहा कि इसकी छांव में समाज के सभी वर्गों को सम्मान, सुरक्षा और अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने पार्टी में शामिल नये लोगों से संगठन की रीति-नीति को अपनाते हुए क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अग्रवाल ने विधायक निधि से सड़क निर्माण की घोषणा भी की। कार्यक्रम की अध्यक्षता रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट और संचालन ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने किया। सदस्यता ग्रहण करने वालों में पंचायत सदस्य सुषमा रतूड़ी, गीता थापा, मेघा, उत्तम नाथ, प्रदीप कंडवाल, अंजू सोनी, हरीश नाथ, प्रमोद, धर्मा, सुंदरलाल, मनीमोहन विश्वास, सत्यपाल सिंह, विजयनाथ, यशपाल सिंह, आयुष्मति, प्रियंका देवी, राजेश नेगी, रमेश निरंकारी, रामलाल नाथ रहे। मौके पर राहुल अग्रवाल, बलविंदर सिंह, कमल कुमार अंजना चौहान आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

