रायपुर, 25 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में शनिवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से महासमुंद जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ते हुए पलट गई। हादसे में बस में सवार 12 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार बस क्रमांक सीजी 06 जीके 6591 रायपुर से महासमुंद की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक का नियंत्रण बस से हट गया, जिसके चलते बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई और यात्री मदद के लिए चिल्लाने लगे। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के कारण रायपुर–महासमुंद मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर बस पलटने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हटवाकर यातायात को धीरे-धीरे बहाल कराया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक का नियंत्रण खोना सामने आ रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। बस में सवार यात्रियों की कुल संख्या की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

