दुर्ग, 25 अप्रैल (आरएनएस)। गौ संरक्षण और संवर्धन को लेकर हिंदू रक्षा मंच छत्तीसगढ़ द्वारा 27 अप्रैल से पूरे देश में गौ सम्मान आवाहन अभियान शुरू किया जा रहा है। प्रदेश संयोजक मनोज ठाकरे ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाना, गौ सेवा के लिए केंद्रीय कानून बनाना तथा देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत गोबर और गोमूत्र के वैज्ञानिक उपयोग को बढ़ावा देने, कृषि विश्वविद्यालयों में अनुसंधान केंद्र स्थापित करने और इससे जुड़े उद्योगों को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। इसके माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
अभियान की शुरुआत 27 अप्रैल को सुबह 11 बजे सभी जिलों और तहसीलों में एक साथ होगी। इस दौरान जिला कलेक्टर कार्यालयों में एकत्रित होकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित जनप्रतिनिधियों के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
छत्तीसगढ़ में यह अभियान विशेष रूप से सक्रिय रूप से चलाया जाएगा। दुर्ग जिले में घर-घर जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में गौ भक्त और सामाजिक संगठन भाग ले रहे हैं। यह अभियान लगभग एक वर्ष तक विभिन्न चरणों में संचालित किया जाएगा।
मनोज ठाकरे ने सभी धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों, गौ सेवकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे 27 अप्रैल को सुबह 10 बजे दुर्ग जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर में एकत्र होकर इस अभियान को सफल बनाएं।
इस अभियान में हिंदू रक्षा मंच, गायत्री परिवार भिलाई, आर्य समाज, इंटरनेशनल नेचुरोपैथी संगठन, वैश्य वेलफेयर गौशाला सहित कई सामाजिक और महिला संगठन सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
अभियान की तैयारियों को लेकर 26 अप्रैल को शाम 5 बजे सेक्टर-6 स्थित गायत्री मंदिर में एक आवश्यक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

