रायगढ़, 26 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में महिला संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन तलाश के तहत दुष्कर्म के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी भोजराम यादव को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला 31 मार्च 2026 को दर्ज किया गया था, जब सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक महिला ने थाना कोतवाली में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीडि़ता ने बताया कि जनवरी 2026 में उसकी पहचान ग्राम बरदुला निवासी भोजराम यादव से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। पीडि़ता के अनुसार 16 जनवरी को आरोपी उसे जन्मदिन के बहाने रायगढ़ लेकर आया, जहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी ने उसे काशीराम चौक बायपास रोड स्थित किराए के मकान में करीब 20 दिनों तक रखा और शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। बाद में 24 मार्च को आरोपी ने महिला को उसके गांव वापस ले जाकर शादी से इनकार कर दिया और उसके साथ मारपीट करते हुए धमकी देकर छोड़ दिया। घटना के बाद पीडि़ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 183/2026 धारा 69, 75(3), 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश के तहत कोतवाली पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार किया। 23 अप्रैल को पुलिस टीम ने आरोपी को दबिश देकर गिरफ्तार किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

