रायपुर, 27 अप्रैल (आरएनएस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा संगठन के शिल्पकार, प्राध्यापक यशवंतराव केलकर जी की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर प्रिय केलकर जी कार्यक्रम का आयोजन पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय प्रेक्षागृह में किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी एवं पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री हरीश लूनिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से आए पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा संघ परिवार के सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि हरीश लूनिया ने कहा कि जैसे एक पथिक को छांव मिलती है और उसे जो आनंद की अनुभूति होती है, वही अनुभूति मुझे आज इस कार्यक्रम में आकर हो रही है। उन्होंने प्रो. यशवंतराव केलकर जी के साथ अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि केलकर जी केवल राष्ट्र निर्माण ही नहीं, बल्कि कार्यकर्ता निर्माण के भी सजग शिल्पकार थे। उनकी विशिष्ट कार्यशैली एवं पद्धति ने विद्यार्थी परिषद को विभिन्न आयामों में कार्य करने की दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि केलकर जी एक चलती-फिरती पाठशाला के समान थे, जहां से संस्कारित एवं अनुशासित कार्यकर्ता निकलकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं।अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत को पुन: विश्वगुरु बनाने के संकल्प में यशवंतराव केलकर जी की कार्यपद्धति का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी आज का नागरिक है — यह केलकर जी का मूल विचार था, जो आज भी संगठन के कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज में समरसता एवं संगठनात्मक मूल्यों को सशक्त करें।डॉ. सोलंकी ने केलकर जी के जीवन के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी जीवनशैली सामाजिक समरसता का सजीव उदाहरण थी। उन्होंने बताया कि केलकर जी ने अपने व्यवहार से समाज में समानता और अपनत्व का संदेश दिया, जो आज के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने हेतु विद्यार्थी परिषद द्वारा वर्ष 1990 से यशवंतराव केलकर पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है, जिससे प्रेरणा लेकर आज हजारों कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।कार्यक्रम में अभाविप मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री चेतस सुखडिय़ा, प्रांत अध्यक्ष डॉ. विकास पांडे, प्रांत मंत्री अनंत सोनी, महानगर मंत्री सुजल गुप्ता, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य यज्ञदत्त वर्मा, प्रांत सह मंत्री प्रथम फूटाने, हर्षित कौर, मन साहू, रवि गुप्ता, आशीष सिन्हा, कुनिका खोडियार, रुचिका गौतम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पूर्व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रो. यशवंतराव केलकर जी के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

