राजनांदगांव, 11 जून (आरएनएस)। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 48 पौवा देशी शराब जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब बिक्री, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में बसंतपुर पुलिस को सूचना मिली कि मोहारा बायपास रोड के किनारे एक युवक अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी रोहित कुमार मंडावी (27 वर्ष) निवासी अटल आवास पेंड्री, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 48 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 8.640 बल्क लीटर तथा अनुमानित कीमत 3,840 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, प्रधान आरक्षक सीमा जैन, आरक्षक राजेश्वर बंदेश्वर, कुश बघेल एवं रूपेन्द्र वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब बिक्री और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
0

