राजनांदगांव, 11 जून (आरएनएस)। शहर की कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आदतन गुंडा बदमाश के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी थाना परिसर के सामने शिकायतकर्ताओं को धमकाने और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में आदतन बदमाश विमल उर्फ बहादूर (40 वर्ष) निवासी अटल आवास, बैगापारा लखोली को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि 5 जून 2026 को आरोपी के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज हुई थी। मामले में पूछताछ के लिए 10 जून को उसे थाने बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने थाना परिसर के बाहर शिकायतकर्ताओं को धमकाना शुरू कर दिया और उनके खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करते हुए देख लेने की धमकी देने लगा।
पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास किए जाने के बावजूद आरोपी आक्रामक हो गया और मारपीट पर उतारू हो गया। इससे थाना परिसर और आसपास शांति व्यवस्था भंग होने की स्थिति निर्मित हो गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक विमल उर्फ बहादूर थाना कोतवाली का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश है और उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम, आम्र्स एक्ट, मारपीट, धमकी और अन्य अपराधों से संबंधित 14 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ पूर्व में भी कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र शाह, उप निरीक्षक नंदनी ठाकुर एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले और असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
0

