०31 हितग्राही योजनाओं के शत-प्रतिशत सेचुरेशन के दिए निर्देश
०गांव-गांव पहुंचकर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाई जाए शासन की योजनाएं: कलेक्टर श्री ध्रुव
दंतेवाड़ा,11 जून (आरएनएस)। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने गुरुवार को कुआकोंडा विकासखंड के ग्राम पंचायत जबेली में आयोजित बस्तर मुन्ने (अग्रणी बस्तर) अभियान शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर श्री ध्रुव ने कहा कि शासन की मंशानुरूप चिन्हित 31 हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित करते हुए कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने तथा विभिन्न योजनाओं से पात्र लोगों को जोडऩे पर विशेष बल दिया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राजस्व विभाग द्वारा संचालित सेवाओं एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा और कहा कि योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने की राज्य शासन की मंशा तभी पूर्ण होगी जब प्रत्येक पात्र महिला को इसका लाभ समय पर प्राप्त हो। इसके लिए मैदानी अमले को घर-घर संपर्क कर पात्र हितग्राहियों का सत्यापन एवं पंजीयन सुनिश्चित करने कहा गया।कलेक्टर श्री ध्रुव ने शिविर में आधार पंजीयन की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि जिन ग्रामीणों का आधार पंजीयन अब तक नहीं हुआ है, उनका तत्काल पंजीयन कराया जाए। उन्होंने कहा कि आधार पंजीयन के अभाव में कई हितग्राही राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं अन्य सरकारी सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। इसलिए शिविरों में आधार ऑपरेटरों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार मान्यता पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, सॉइल हेल्थ कार्ड, श्रम विभाग की योजनाओं तथा अन्य लाभकारी कार्यक्रमों से जोडऩे के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि प्रत्येक विभाग योजनावार लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मॉनिटरिंग करे, जिससे शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की जा सके।शिविर के दौरान कलेक्टर श्री ध्रुव ने ग्राम में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, सड़क, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यों के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है तथा बस्तर मुन्ने अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।सभी विभागों के समन्वय से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने कहा कि राजस्व, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, श्रम, मनरेगा, डाक विभाग, एनआरएलएम, कृषि एवं अन्य विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में सभी विभागों के मैदानी कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें ताकि ग्रामीणों के छोटे-बड़े कार्यों का निराकरण मौके पर ही किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर जनपद पंचायत कुआकोंडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तरुण देशमुख सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बस्तर मुन्ने (अग्रणी बस्तर) अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लोगों के आवेदन भी प्राप्त किए गए।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

