रायगढ़, 11 जून (आरएनएस)। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले दो दिनों में 8 अलग-अलग मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 164 लीटर महुआ शराब, 67 पाव देशी शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान सबसे बड़ी कार्रवाई थाना पूंजीपथरा पुलिस ने की। यहां दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 100 लीटर महुआ शराब और दो बाइक जब्त की गईं।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने ग्राम पूंजीपथरा स्थित स्केनिया प्लांट के पीछे घेराबंदी कर पल्सर मोटरसाइकिल से अवैध शराब परिवहन कर रहे अमीलाल राठिया और सुखसागर निषाद को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 30 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई।
वहीं दूसरी कार्रवाई में बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से 70 लीटर महुआ शराब ले जा रहे माधव सिंह सेठ और विदेशी यादव को गिरफ्तार किया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 100 लीटर महुआ शराब तथा लगभग 1.30 लाख रुपये मूल्य की दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
इसके अलावा थाना तमनार पुलिस ने 15 लीटर महुआ शराब के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना कोतरारोड़ पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में 20 पाव देशी शराब और 42 लीटर महुआ शराब जब्त की। वहीं थाना छाल पुलिस ने एक आरोपी से 7 लीटर महुआ शराब बरामद की, जबकि थाना खरसिया पुलिस ने 47 पाव देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए ऑपरेशन आघात के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

