रायपुर, 11 जून (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए रायपुर यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 3365 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
इसी कड़ी में 7 जून की रात शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। एसीपी यातायात सतीष ठाकुर के नेतृत्व में तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भ_ागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक और पंडरी थाना के सामने यातायात अधिकारियों एवं जवानों की टीमों ने जांच अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान 52 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। इनमें 34 कार चालक, 11 मोटरसाइकिल चालक, 2 टाटा एस चालक, 4 ट्रक चालक और 1 पिकअप वाहन चालक शामिल हैं। सभी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत चालानी कार्रवाई की गई है और प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ यह अभियान किसी लक्ष्य को लेकर नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात अनुशासन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है।
नागरिकों से अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। साथ ही नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न देने और यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की गई है।
पुलिस का कहना है कि शहर में सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

