रायपुर 11 जून (आरएनएस) शहर में नशे का कारोबार चलाने वालों पर कमिश्नरेट पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि महज 96 घंटे के भीतर हिस्ट्रीशीटर समेत आठ आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। हेरोइन, एमडी ड्रग, नाइट्राजेपाम टैबलेट और गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई। करीब पांच लाख रुपये का मादक पदार्थ, नगदी और मोबाइल जब्त किए गए। पुलिस ने साफ किया है कि यह कार्रवाई यहीं नहीं रुकेगी और एंड-टू-एंड विवेचना के जरिए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम काम्बले के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर/पश्चिम/उत्तर) की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और टिकरापारा, सिविल लाइन, न्यू राजेंद्र नगर, खमतराई व डी.डी. नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। टिकरापारा के नया बस स्टैंड भाठागांव से हरप्रीत सिंह मट्टू (26) निवासी खुर्सीपार भिलाई और ऋषि साहू (26) को 8.75 ग्राम हेरोइन व बिक्री की रकम के साथ पकड़ा गया। सिविल लाइन के शांति नगर से मौदहापारा का हिस्ट्रीशीटर अफसर कादर (35) पांच ग्राम एमडी ड्रग के साथ गिरफ्तार हुआ। उसके खिलाफ रायपुर और नागपुर में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, दुष्कर्म समेत दो दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं।
इसी अभियान में न्यू राजेंद्र नगर से महावीर जैन (38) के कब्जे से 198 नाइट्राजेपाम टैबलेट, मोबाइल और नगदी बरामद हुई। खमतराई में एक विधि के साथ संघर्षरत बालक के पास से 1.800 किलोग्राम गांजा मिला। सिविल लाइन में पहले की कार्रवाई में मीर कुरैशी उर्फ विक्की और एक बालक को 40 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ पकड़ा गया था, जबकि डी.डी. नगर क्षेत्र से गुलाब कंडरा (27) के कब्जे से 1.2 किलोग्राम गांजा और बिक्री की रकम जब्त की गई। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद रायपुर पुलिस अब तक एनडीपीएस एक्ट के 49 मामलों में 113 आरोपियों को गिरफ्तार कर 2.63 करोड़ रुपये से अधिक का मादक पदार्थ जब्त कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि नशे के इस लोकल नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और कार्रवाई लगातार आगे बढ़ेगी। बहरहाल, रायपुर पुलिस का यह संदेश साफ है—नशे का कारोबार करने वालों के लिए अब शहर में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा।


