कोलकाता 11 June (Rns) । उत्तर 24 परगना के कांचरापाड़ा स्थित एक अंग्रेजी माध्यम निजी स्कूल से बुधवार देर रात तलाशी अभियान के दौरान एक करोड़ 77 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। स्कूल के सिक रूम की एक अलमारी से गर्भनिरोधक पैकेट भी मिला है। यह अभियान गुरुवार तड़के करीब चार बजे तक चला।
जानकारी के अनुसार, बीजपुर के भाजपा विधायक सुदीप्त दास अपने विधानसभा क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों का डाटा बैंक तैयार करा रहे थे। इसी दौरान उनके प्रतिनिधियों को इस स्कूल के बारे में कुछ आपत्तिजनक जानकारी मिली। इसके बाद विधायक स्वयं स्कूल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे। भारी मात्रा में नकदी मिलने के बाद रुपये गिनने के लिए मशीनें मंगाई गईं। पहले दो मशीनें पहुंचीं, बाद में एक और मशीन लाई गई। सुबह तक गिनती में 1 करोड़ 77 लाख रुपये बरामद होने की पुष्टि हुई।

