जगदलपुर 11 जून (आरएनएस) युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने की साजिश उस वक्त नाकाम हो गई, जब बस्तर पुलिस ने नया बस स्टैंड के पास दबिश देकर 15 किलो से अधिक गांजे के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बस के जरिए गांजे की खेप खपाने की फिराक में था, लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना ने पूरा खेल बिगाड़ दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाखों रुपये कीमत का गांजा, मोबाइल और नगदी बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 11 जून 2026 को थाना बोधघाट पुलिस को सूचना मिली कि नया बस स्टैंड जगदलपुर के पीछे आम के पेड़ के पास एक युवक दो काले बैग में अवैध गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शुभम प्रजापति पिता हीरालाल प्रजापति, उम्र 28 वर्ष, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, भोपाल (मध्यप्रदेश) बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 15.654 किलोग्राम अवैध गांजा, एक रियलमी टच स्क्रीन मोबाइल और 500 रुपये नगद बरामद हुए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 7 लाख 87 हजार 700 रुपये आंकी गई। गांजा के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(B)(ii)(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, सुनील मनहर, व्यास नारायण, डोलामनी भोई तथा आरक्षक दीपक मिंज, राम ठाकुर, युवराज ठाकुर, कामदेव दर्रो, होरी लाल आर्यों, विपिन मिंज, बामन सेन और परमानंद भोयर की अहम भूमिका रही। बहरहाल, बस्तर पुलिस का संदेश साफ है—नशे का कारोबार करने वालों के लिए अब बस्तर की सरजमीं पर कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा। :::

