New Delhi 11 June (rns) गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) की महिला डॉक्टर का शव बुधवार शाम पणजी के निकट स्थित हवाई बीच पर मिलने से हड़कंप मच गया। महिला डॉक्टर की उम्र 23 साल बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बुधवार शाम महिला डॉक्टर का शव हवाई बीच पर मिला, जिसके बाद स्थानीय पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। घटना की जानकारी मिलते ही गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने जीएमसीएच के डीन डॉ. जय प्रकाश तिवारी को मामले की गहन चिकित्सा जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज से जुड़े लोगों और डॉक्टर के परिचितों में शोक का माहौल है। एक युवा डॉक्टर की अचानक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं और घटनास्थल की जांच की जा रही है। साथ ही महिला डॉक्टर के साथियों और जानने वालों से पूछताछ की जा रही है, ताकि डॉक्टर की परिस्थितियों और मौत के कारणों तक पहुंचा जा सके।

