कांकेर, 11 जून (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के थाना बांदे पुलिस ने महिला की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये की मांग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी को पखांजूर क्षेत्र के एक होटल से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार पीडि़ता ने 5 जून 2026 को थाना बांदे में शिकायत दर्ज कराई थी कि बेलगाम (कर्नाटक) निवासी महेश कलखांबकर उसे और उसकी बहन को अप्रैल 2026 में गोवा घुमाने ले गया था। इस दौरान आरोपी ने उसके निजी फोटो और वीडियो अपने पास सुरक्षित रख लिए थे।
शिकायत में बताया गया कि बाद में महिला के किसी अन्य व्यक्ति से विवाह कर लेने पर आरोपी नाराज हो गया और उसे लगातार परेशान करने लगा। आरोपी स्वयं को महिला का प्रेमी बताकर उसके वैवाहिक जीवन में हस्तक्षेप करता था तथा उसके पति और परिजनों को फोन कर अनर्गल बातें कहकर प्रताडि़त करता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला के परिजनों के मोबाइल नंबरों पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजे तथा उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये की मांग की। शिकायत के आधार पर थाना बांदे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 79 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(ई) और 67(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पखांजूर क्षेत्र के एक होटल में ठहरा हुआ है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 10 जून को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश कलखांबकर (41 वर्ष), निवासी सिंगदेवनगर, सुलगा, थाना काकती, जिला बेलगाम (कर्नाटक) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक सैमसंग मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रामचन्द्र साहू, पीएसआई विवेक वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक देवनारायण बंजारे, प्रधान आरक्षक सूर्यदेव कुंजाम तथा थाना बांदे के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर अपराध, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, धमकी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
0

