हरिद्वार,27 अपै्रल (आरएनएस)। उत्तरी हरिद्वार की दीपिका गैस एजेंसी पर सोमवार को पूर्व पार्षद लखन लाल चौहान अनशन पर बैठ गए। उन्होंने एजेंसी पर अनियमितताओं का आरोप लगाया। मौके पर उपभोक्ताओं की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर खडख़ड़ी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। एजेंसी प्रबंधक विपिन शर्मा के आश्वासन के बाद पूर्व पार्षद ने अनशन समाप्त किया। उन्होंने चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर दोबारा आमरण अनशन करेंगे। सोमवार सुबह भूपतवाला स्थित दीपिका गैस एजेंसी के कार्यालय पर पूर्व पार्षद ने भोजन त्याग कर अनशन शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि गैस संकट के बीच एजेंसी में बुकिंग और सप्लाई को लेकर भारी अनियमितताएं चल रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। मांग उठाई कि भीषण गर्मी में कार्यालय पर सिलेंडर बुकिंग बंद कर ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा दी जाए। साथ ही एजेंसी से सीधे वितरण बंद कर घरेलू सिलेंडरों की होम डिलीवरी शुरू की जाए। गरीब व मजदूरों को पांच किलोग्राम का कॉमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। अनशन की सूचना पर एजेंसी के मालिक व पूर्व विधायक सुरेश राठौर मौके पर पहुंचे। एजेंसी प्रबंधक विपिन शर्मा ने एक मई से ऑनलाइन बुकिंग शुरू करने, सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी देने और आधार कार्ड की फोटो कॉपी पर पांच किलोग्राम का कॉमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पूर्व पार्षद ने अनशन समाप्त कर दिया। इस दौरान खडख़ड़ी चौकी प्रभारी नवीन नेगी व पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

